अपडेटेड 27 May 2025 at 18:09 IST
देश में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगे है। पिछले कुछ दिनों में जिस तरह से मामलों में इजाफा हो रहा है, उससे लोगों में डर और चिंता दोनों बढ़ने लगी है। दिल्ली में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। राष्ट्रीय राजधानी में COVID-19 के मामलों में बड़ा उछाल आया है। यहां आंकड़ा 100 को पार कर गया है। इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में कोविड-19 की स्थिति और तैयारियों की जानकारी दी है।
मौजूदा समय में केरल में सबसे ज्यादा कोरोना के एक्टिव केस है। इसके अलावा तमिलनाडु और कर्नाटक में भी कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी होती नजर आ रही है। केरल में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या 430, महाराष्ट्र में 209 और दिल्ली में 104 हैं। दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद और नोएडा में कोराना के मरीज मिले हैं। कोरोना के दो नए वेरिएंट्स मिलने से भी टेंशन बढ़ गई है। INSACOG के मुताबिक दो नए वेरिएंट NB.1.8.1 और LF.7 भारत में दस्तक दे दी है। पहले देश में JN.1 वेरिएंट के मामले ही मिल रहे थे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में कोविड-19 की स्थिति और तैयारियों पर कहा, "यह किसी प्रकार की तत्काल या चिंताजनक स्थिति नहीं है। यह खासी, जुखाम जैसा एक सीजनल वायरस है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। हमारे सभी अस्पताल सजग हैं और कहीं किसी प्रकार की अनदेखी नहीं है। यह ऐसा वायरस नहीं है जिस कारण कोई चिंता या घबराहट हो।
बता दें कि JN.1 वैरिएंट की पहचान पहली बार अगस्त 2023 में पहचान की गई थी। कोविड का ये नया वैरिएंट ओमिक्रॉन के BA.2.86 से विकसित हुआ है, जिसमें 30 म्यूटेशन हुए हैं। गले में खराश, बुखार, सूखी खांसी, मतली और उल्टी कुछ सामान्य लक्षण हैं जो JN.1 से संक्रमित रोगियों में आम तौर पर दिखाई देते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने एक बार JN.1 को 'रुचि का वैरिएंट' बताया था। कोरोना के दो नए सबवेरिएंट्स NB.1.8.1 और LF.7 की पहचान हुई है। इंडियन सार्स-कोव-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) ने इसकी पुष्टि की। उनके मुताबिक तमिलनाडु में अप्रैल में NB.1.8.1 का एक मरीज मिला। वहीं मई में गुजरात से LF.7 के चार केस दर्ज सामने आए।
पब्लिश्ड 27 May 2025 at 18:09 IST